महासमुन्द

भाभी पर ईंट से हमला, देवर पर जुर्म दर्ज
06-May-2026 4:50 PM
भाभी पर ईंट से हमला, देवर पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,6 मई। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम चिमरकेल में छत की ढलाई को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी मिली है कि देवर द्वारा घर की छत की ढलाई के लिए मिक्सर मशीन को भाभी के मकान की छत से लगाने का प्रयास किया जा रहा था। जिसका विरोध करने पर उसने भाभी पर ईंट से हमला कर दिया। घटना में महिला के सिर पर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम चिमरकेल निवासी बनिता जगत के देवर डिगाम्बर जगत द्वारा नया मकान निर्माण कराया जा रहा है। सोमवार 4 मई को दोपहर वह अपने मकान की छत की ढलाई कराने की तैयारी कर रहा था।

इसी दौरान वह मिक्सर मशीन को बनिता जगत के घर की छत से लगाकर अपने मकान तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा था। जब बनिता जगत ने अपनी छत का उपयोग करने से मना किया तो इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि डिगाम्बर जगत ने गुस्से में आकर बनिता के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढऩे पर उसने पास में रखी ईंट उठाकर बनिता की ओर फेंक दी जो उनके सिर के पिछले हिस्से में जाकर लग गई। चोट लगने से महिला के सिर से खून निकलने लगा। घटना के दौरान महिला के पति फागुलाल जगत सहित गांव के चुड़ामणि, मोतीलाल एवं अन्य ग्रामीण मौके पर मौजूद थे। घायल महिला ने घटना की शिकायत बसना थाना पहुंचकर दर्ज कराई।

 पुलिस ने आरोपी डिगाम्बर जगत के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115-2, 296 एवं 351-3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में ली गई है।


अन्य पोस्ट