महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मई। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा प्रहार कर कहा है कि असम और पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर बैज की टिप्पणी न केवल हास्यास्पद है, बल्कि यह लोकतंत्र में जनता के पवित्र जनादेश का खुला अपमान है।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि जब-जब कांग्रेस चुनाव हारती है, वह अपनी कमियों को सुधारने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर ठीकरा फ ोडऩा शुरू कर देती है। ईवीएम से लेकर चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों तक को कठघरे में खड़ा करना कांग्रेस की पुरानी फितरत रही है।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि बैज का यह कहना कि चुनाव भाजपा ने नहीं, बल्कि केंद्रीय एजेंसियों ने लड़ा है, हमारे देश के लोकतंत्र और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर हमला है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि चुनाव बंदूक की नोक पर नहीं, बल्कि जनता के विश्वास के बल पर जीते जाते हैं। बंगाल और असम की जनता ने विकास और सुशासन की राजनीति को चुना है। कांग्रेस और उनके सहयोगियों की तुष्टीकरण की राजनीति को जनता ने सिरे से नकार दिया है, जिसे बैज स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि सत्ता चुराने जैसे शब्दों का प्रयोग करना बैज की राजनीतिक अपरिपक्वता को दर्शाता है। भाजपा ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया है। हार के डर से कांग्रेस अब अनर्गल प्रलाप कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। ढाई लाख पुलिस कर्मियों और सेंट्रल फोर्स की तैनाती पर सवाल उठाना जवानों के मनोबल को गिराने जैसा है, जो निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए अपनी सेवा देते हैं।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि बैज को दूसरों पर दोषारोपण करने के बजाय अपनी पार्टी की रसातल में जाती स्थिति पर आत्मचिंतन करना चाहिए। जनता सब जानती है और वह कांग्रेस के इन भ्रामक दावों का जवाब समय.समय पर देती रहेगी।


