महासमुन्द

एलपीजी का दाम बढ़ाकर चुनाव खर्च वसूल रही मोदी सरकार-चंद्राकर
03-May-2026 8:16 PM
 एलपीजी का दाम बढ़ाकर चुनाव खर्च वसूल रही मोदी सरकार-चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 मई। केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर और 5 किलो के छोटे सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी है।

विनोद चंद्राकर ने कहा कि 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 1 मई को 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जिससे इसकी कीमत 3,071.50 रुपये प्रति सिलेंडर हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 261 रुपये की वृद्धि की गई है।

चंद्राकर ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद कीमतों में वृद्धि की गई है। उनके अनुसार, सरकार एलपीजी का दाम बढ़ाकर चुनावी खर्च की वसूली करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कई बार वृद्धि हुई है। उनके अनुसार, 1 मार्च 2026 को 114.50 रुपये, 1 अप्रैल 2026 को 195.50 रुपये और 1 मई 2026 को 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई।

चंद्राकर ने कहा कि इस बढ़ोतरी का असर छोटे व्यवसायों जैसे होटल, ढाबा, ठेला और खान-पान से जुड़े कामों पर पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे उपभोक्ताओं पर भी अतिरिक्त खर्च का असर पड़ सकता है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों और छोटे व्यवसायियों पर इसका प्रभाव पड़ रहा है।


अन्य पोस्ट