महासमुन्द
जनप्रतिनिधियों ने नशामुक्ति का दिया संदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 3 मई। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड की सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर के संयुक्त प्रयास से बागबाहरा जनपद पंचायत के सभागार में दिव्यांगजनों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु मूल्यांकन एवं चिन्हांकन शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में जनपद पंचायत बागबाहरा के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष केशव नायक राम चंद्राकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.एल. मण्डावी, उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, भूपेन दीवान विकास विस्तार अधिकारी जी.आर. बरिहा, जनपद सदस्य प्रतिनिधि केशव चंद्राकर, सरपंच सेवाराम साहू एवं मुबारक खान सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग महासमुंद से सुनिता टिर्की, अमित सक्सेना, गौतम यादव तथा समाज शिक्षा संगठक मानसिंह बरिहा ने भी शिविर में अपनी सहभागिता दी।
शिविर के दौरान 32 दिव्यांगजनों ने आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से एलिम्को की विशेषज्ञ टीम द्वारा 26 हितग्राहियों का विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरणों—जैसे कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र आदि—के लिए परीक्षण एवं चिन्हांकन किया गया।
जनपद अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने कहा कि दिव्यांगजनों के कल्याण और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए ऐसे शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद पंचायत भविष्य में भी दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए उपस्थित नागरिकों को ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ दिलाई और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार ने भी कहा दिव्यांगजनों का सेवा सच्ची सेवा है और हमारे जनपद क्षेत्र में जितने भी दिव्यांगजन है उनको चिन्हाकित कर उचित उपकरण दिलाया जाएगा।


