महासमुन्द
चकमा देने महिलाओं को बनाया ढाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मई। ओडिशा से महासमुंद होते हुए निकल रही रायपुर पासिंग की 2 बाइक की जांच में पुलिस को 3 लाख का गांजा मिला है। पुलिस चेकिंग को चकमा देने के लिए आरोपियों ने महिलाओं को ढाल बनाया था और सीट कवर में चैन लगाकर गांजा भरा हुआ था। आरोपियों का कहना था कि गांजे की पुडिय़ा बनाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने 10 किलो गांजा सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से कुछ लोग गांजा लेकर सरायपाली की ओर आने वाले हैं। घेराबंदी के दौरान ग्राम अर्जुंदा के पास दो बाइक रुकी। पहली बाइक में शंकर बेहरा अपनी पत्नी चंचल के साथ सवार था। दूसरी बाइक में ओडिशा निवासी कपिल अपनी पत्नी रश्मि के साथ गांजे की खेप लेकर पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने जानबूझकर पत्नियों को साथ रखा था ताकि पुलिस को लगे कि कोई परिवार कहीं जा रहा है और तलाशी न ली जाए। पुलिस ने सूचना के आधार पर जब तलाशी ली तो उनके कब्जे से बोरी और सीट में भरा 10.270 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जिसकी बाजार में कीमत लगभग लाख रुपए है। पूछताछ में पता चला कि इस खेप को ओडिशा से लाकर देवलभांठा सरायपाली में पुडिय़ा बनाकर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने गांजे के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 2 बाइक और 2 मोबाइल भी जब्त की है।
कुल जब्त संपत्ति की कीमत 3 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी शंकर मेहरा 45 सरायपाली, चंचल बेहरा 30 देवलभांठा सरायपाली, कपिल बकुल 23 साल ओडिशा, रश्मि बकुल 20 साल ओडिशा शामिल हैं।


