महासमुन्द

जिला अस्पताल में 4 माह से सोनोग्राफ ी बंद, एम्बुलेंस से ढो रहे सामान-गुरमीत चावला
01-May-2026 5:15 PM
जिला अस्पताल में 4 माह से सोनोग्राफ ी बंद,  एम्बुलेंस से ढो रहे सामान-गुरमीत चावला

व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 मई। जिला अस्पताल महासमुंद की व्यवस्थाओं को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला ने निरीक्षण के बाद विभिन्न मुद्दे उठाए हैं।

गुरमीत चावला के अनुसार, उन्होंने पदाधिकारियों के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया, जिसमें पानी की उपलब्धता, उपकरणों के उपयोग और अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं सामने आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में वाटर कूलर बंद हैं और मरीजों को पानी के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल में पिछले चार माह से सोनोग्राफी सेवा उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों को निजी केंद्रों में जांच करानी पड़ रही है। उनके अनुसार, रेडियोलॉजिस्ट के पद खाली होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। चावला ने यह भी कहा कि एक एम्बुलेंस, जिसे पहले मरीजों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया गया था, उसका उपयोग सामान ढोने के लिए किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में वेस्टर्न टॉयलेट की कमी, दवाओं की उपलब्धता और सीटी स्कैन मशीन की अनुपलब्धता जैसे मुद्दे भी उठाए। उन्होंने सिविल सर्जन से मुलाकात कर इन समस्याओं के समाधान की मांग की है और कहा है कि सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।

वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. आई. नागेश्वर राव ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अस्पताल में दवाओं की आपूर्ति जारी है। उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी सुविधा के लिए उच्च स्तर पर मांग की गई है और सीटी स्कैन मशीन की प्रक्रिया जारी है।

सीएमएचओ ने एक बालक की मृत्यु के मामले में कहा कि मृत्यु अस्पताल में उपचार के दौरान नहीं हुई थी और परिजनों को बच्चे की गंभीर स्थिति की जानकारी थी। मामले में अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन द्वारा आवश्यक सुधारात्मक कदमों को लेकर प्रक्रिया जारी होने की बात कही गई है।


अन्य पोस्ट