महासमुन्द

महासमुंद के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास, खल्लारी विधायक ने दी बधाई
01-May-2026 4:52 PM
महासमुंद के विद्यार्थियों ने रचा इतिहास, खल्लारी विधायक ने दी बधाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 1 मई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षा-2026 के घोषित परिणामों में महासमुंद जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खल्लारी विधानसभा के विधायक द्वारिकाधीश यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं गुरुजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।

विधायक श्री यादव ने विशेष रूप से जिले के उन 12 विद्यार्थियों की सराहना की, जिन्होंने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान बनाकर महासमुंद का नाम पूरे छत्तीसगढ़ में गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि मेरिट सूची में शामिल 12 विद्यार्थियों में से 11 सरायपाली से और 1 बागबाहरा से हैं। विद्यार्थियों का टॉप-10 में स्थान बनाना क्षेत्र में शिक्षा के प्रति समर्पण और गुणवत्ता को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि यह सफलता केवल विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि उनके माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं परिश्रम का भी प्रतिफल है। विधायक श्री यादव ने मेरिट सूची में छात्राओं की उल्लेखनीय भागीदारी पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, हमारी बेटियाँ आज हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।  छात्राओं ने साबित कर दिया है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी ऊँचाई तक पहुँच सकती हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों के भविष्य के लक्ष्यों—चाहे वह आईएएस बनने का सपना हो या इंजीनियर बनने की आकांक्षा—की सराहना करते हुए कहा, इन बच्चों में देश और प्रदेश की सेवा का जो जज्बा है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि ये सभी मेधावी विद्यार्थी अपने-अपने क्षेत्र में शिखर तक पहुँचें और महासमुंद का नाम निरंतर रोशन करते रहें।


अन्य पोस्ट