महासमुन्द

हरे-भरे जंगलों की कटाई का परिणाम है तापमान में वृद्धि-विनोद चंद्राकर
29-Apr-2026 3:27 PM
 हरे-भरे जंगलों की कटाई का परिणाम है तापमान में वृद्धि-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में बढ़ते तापमान को लेकर पूर्व संसदीय सचिव एवं महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने बयान जारी किया है। उन्होंने राज्य में तापमान वृद्धि के लिए जंगलों की कटाई को कारण बताया है।

विनोद चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है और इसका एक प्रमुख कारण जंगलों से पेड़ों की कटाई है। उन्होंने यह भी कहा कि खनन गतिविधियों के लिए पेड़ों की कटाई से पर्यावरण पर असर पड़ रहा है, जिससे गर्मी और जल संकट जैसी स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण पेड़ों की कटाई को अनुमति दी जा रही है। उनके अनुसार, इससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मैनपाट क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले वहां अपेक्षाकृत ठंडा वातावरण रहता था, लेकिन अब तापमान में बदलाव महसूस किया जा रहा है। उन्होंने हसदेव क्षेत्र सहित अन्य वन क्षेत्रों में खनन गतिविधियों का भी उल्लेख किया।  विनोद चंद्राकर ने यह भी कहा कि यदि पेड़ों की कटाई इसी तरह जारी रही, तो आने वाले समय में तापमान पर और प्रभाव पड़ सकता है।  उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस तरह के अभियानों के माध्यम से संदेश दे रही है, लेकिन उनका मानना है कि बड़े स्तर पर हो रही कटाई पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।


अन्य पोस्ट