महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल। छत्तीसगढ़ जीव जंतु कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष और कांग्रेस के प्रदेश संयुक्त महामंत्री आलोक चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े एक कथित एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर बयान जारी किया है। आलोक चंद्राकर ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि को प्रभावित करने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया है। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल द्वारा विभिन्न मुद्दों पर सरकार की नीतियों की आलोचना किए जाने के कारण ऐसा किया जा रहा है। पूर्व सीएम भूपेश की लोकप्रियता से भाजपा में घबराहट है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में विभिन्न योजनाएं संचालित की गई थीं और सभी वर्गों के विकास के लिए काम किया गया। साथ ही उन्होंने वर्तमान राज्य सरकार पर महंगाई और अन्य मुद्दों को लेकर भी टिप्पणी की। आलोक चंद्राकर ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने के उद्देश्य से इस तरह के वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।


