महासमुन्द
महासमुंद, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने महासमुंद जिले के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बीईओ विजय कुमार लहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई चौथी कक्षा की परीक्षा में पूछे गए एक विवादित प्रश्न और विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही के चलते की गई है।
मामला यह है कि जनवरी 2026 में एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार चौथी कक्षा के अंग्रेजी प्रश्नपत्र में एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। प्रश्न में कुत्ते का नाम के विकल्प के रूप में भगवान का नाम शामिल किया गया। इन सभी को गंभीर कदाचार माना गया। राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए विजय लहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा रायपुर कार्यालय निर्धारित किया गया है। श्री लहरे के निलंबन के बाद बी एल देवांगन उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय को महासमुंद जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।


