महासमुन्द

सिलेंडर की किल्लत: होटलों में कोयले-लकड़ी से बन रहा खाना, कीमत 20 फीसदी बढ़ी
24-Apr-2026 5:27 PM
सिलेंडर की किल्लत: होटलों में कोयले-लकड़ी से बन रहा खाना, कीमत 20 फीसदी बढ़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 अप्रैल। शहर और ग्रामीण इलाकों के होटलों में इन दिनों गैस किल्लत बनी हुई है। लिहाजा कोयले और लकड़ी से खाना तैयार हो रहा है। कामर्शियल सिलेंडरों की भारी किल्लत और बढ़ती कीमतों ने होटल संचालकों को वैकल्पिक ईंधन अपनाने पर मजबूर कर दिया है। इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। जहां 100 रुपए में मिलने वाली भोजन की थाली अब 120 रुपए बिक रही है।

शहरी इलाके में भी सिलेंडर न मिलने के कारण अचानक कोयले और लकड़ी की मांग बढ़ गई है। शहर के होटल संचालकों के अनुसार कुछ दिन पहले तक जो कोयला 18 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रहा था, उसकी कीमत अब 22-24 रुपए प्रति किलो है। ईंधन की इस दोहरी मार ने छोटे और मध्यम श्रेणी के होटल संचालकों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

महासमुंद के आनंद मारवाड़ी भोजनालय के संचालक आनंद के अलावा कई ढाबा संचालकों का कहना है कि तंदूर और भट्टी के उपयोग से लागत में तो वृद्धि हुई ही है, साथ ही कोयले की किल्लत भी शुरू हो गई है। यदि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में खाने की कीमतों में और अधिक वृद्धि की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

बहरहाल, जिला मुख्यालय स्थित सभी होटलों और रेस्टारेंट में खाने की कीमतों में वृद्धि देखी जा रही है। इसका प्रभाव ठेले और गुमठियों वालों पर भी है। ठेल और गुमटियों मेें जो नाश्ता कभी 20 से 25 रुपए प्लेट में मिलता था वो अब 25 से 30 रुपए में मिल रहा है। जो लोग अपने घरों से दूर शहरों में निवास कर रहे हैं, उन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है।

इस मामले में नगर पालिका के सीएमओ अशोक सलामे का कहना है कि दर नियंत्रण जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है, पालिका इसके निर्धारण में कुछ नहीं कर सकती।


अन्य पोस्ट