महासमुन्द

पालिकाध्यक्ष ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
24-Apr-2026 5:25 PM
पालिकाध्यक्ष ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 अप्रैल। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 07 में रंगमंच निर्माण, वार्ड 04 में बड़ी नाली निर्माण एवं वार्ड 18 व 20 में आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य का निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बुधवार को किया। वार्ड क्रमांक 04 क्षेत्र में बनाई जा रही सीसी नाली में तीन वार्डों के घरों से निकलकर गंदा पानी बहता है। यह नाली अत्यंत छोटी होने के कारण गंदा पानी सडक़ पर फैल जाता था। जिससे इस मार्ग पर चलने वालों को काफी परेशानी होती थी।

श्री साहू ने नागरिकों की इस परेशानी को समझते हुए बड़ी नाली निर्माण का प्रस्ताव रखा था। यह नाली न केवल गंदे पानी का समुचित बहाव सुगम बनाएगी, बल्कि एक स्वच्छ वातावरण निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी। इसी तरह वार्ड 07 में लोगों के लिए एक बेहतर रंगमंच निर्माण कर स्थानीय स्तर पर आयोजन, कार्यक्रम के लिए सुविधाजनक स्थान बनाया जा रहा है। साथ ही वार्ड 18 व 20 में आंगनबाड़ी मरम्मत कार्य कराए जा रहे हैं। सभी कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण तथा पारदर्शी तरीके से करने का निर्देश पालिका अध्यक्ष श्री साहू ने ठेकेदार को दिए।

अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि नगर वासियों के प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर वे पूरी ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और विकसित बनाना उनकी प्राथमिकता है। अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, घटिया सामग्री या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार सडक़, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।


अन्य पोस्ट