महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अप्रैल। 8वीं इंडियन ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 25 से 28 अप्रैल तक बेंगलुरु में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में महासमुंद जिले से लक्की यादव और सुकदेव लक्की यादव अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पात्र हैं। उनके साथ कोच निरंजन साहू और गाइड रनर प्रशांत निषाद भी रहेंगे।
लक्की यादव ग्राम तुमाड़बरी के निवासी हैं और फॉर्चून नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कर्मापटपर बागबाहरा तथा वन विद्यालय सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक महासमुंद में अभ्यास कर रहे हैं। वे पूर्व में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर 100 मीटर दौड़ में कांस्य तथा 400 और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने 2023-24 से 2025-26 तक विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिताओं में भाग लेकर रजत पदक भी हासिल किया है।
सुकदेव जूनियर एशियन यूथ पैरा गेम्स दुबई में 800 और 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
बेंगलुरु में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर खिलाडिय़ों का चयन एशियन पैरा गेम्स 2026 के लिए किया जाएगा, जिसका आयोजन जापान में प्रस्तावित है।
जिले के खिलाडिय़ों के चयन पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू, सचिन भूतड़ा, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, प्रदेश सचिव डीकेश टंडन, अलका नरेश चंद्राकर, डॉ. विश्वनाथ पाणिग्रही, विश्वनाथ अग्रवाल, पारस चोपड़ा समेत सैकड़ों लोगों, फ ॉर्चून फ ाउंडेशन विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं स्टॉफ ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


