महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 अप्रैल। गुड शेफर्ड स्कूल में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही उत्साह और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: सभा से हुई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने भाषण में डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्षों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को उनके आदर्शों पर चलने और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छात्रों को प्रोजेक्टर पर बाबा साहेब की प्रेरक जीवनी दिखाई गई। विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता पाठ और नाटक प्रस्तुत किए गए। जिनमें डॉ. अंबेडकर के विचारों और उनके द्वारा समाज में किए गए सुधारों को दर्शाया गया। कुछ विद्यार्थियों ने उनके प्रसिद्ध नारे शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो को भी साझा किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों ने समानता, न्याय और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। इस प्रकार अंबेडकर जयंती का यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा।


