महासमुन्द

मजदूर की मौत, पिकाडली के मैनेजर पर मामला दर्ज
16-Apr-2026 4:00 PM
मजदूर की मौत, पिकाडली के मैनेजर पर  मामला दर्ज

महासमुंद,16 अप्रैल। महासमुंद जिले के तुमगांव थाना में बसे गांव अछोली स्थित पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज में एक मजदूर की ऊंचाई से गिरकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मर्ग जांच के बाद पुलिस ने कंपनी के सीनियर मैनेजर को हादसे का जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ  भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामला एक दिसंबर 2025 का है।

तुमगांव निवासी श्रमिक ताम्रध्वज पिता गिरिज लाल पीकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज में कार्यरत थे। घटना की शाम करीब 5.45 बजे वह संयंत्र में चल रहे का काम का मुआयना करने के लिए ऊंचाई पर चढ़ा था।

इसी दौरान अचानक संतुलन से बिगडऩे से वह नीचे गिर गया। गिरने के कारण उनके सिर और आंख में प्राणघातक चोटें आई थीं। हादसे के बाद घायल ताम्रध्वज़ को तत्काल उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। उन्हें पहले रामकृष्ण अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए कालड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब दो दिनों तक चले उपचार के बाद 3 दिसंबर 2025 की सुबह 4 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान गवाहों के बयान और घटना स्थल के निरीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार कंपनी के सीनियर मैनेजर इलेक्ट्रिकल अनुज पंचाल ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

पुलिस ने माना कि यदि कर्मचारी को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया होता, तो ताम्रध्वज की जान बचाई जा सकती थी। लंबी जांच प्रक्रिया और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद 14 अप्रैल की शाम को तुमगांव पुलिस ने आरोपी मैनेजर अनुज पंचाल के विरुद्ध धारा 106-1 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट