महासमुन्द
महासमुंद,15 अप्रैल। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासमुंद ग्रामीण की अध्यक्ष अन्नू चंद्राकर के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ कमेटियों का गठन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अभियान के तहत संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। गठित बूथ कमेटियों की संपूर्ण सूची जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव को विधिवत सौंप दी गई है।
इस अवसर पर अन्नू चंद्राकर ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मजबूत बूथ समितियों के माध्यम से हम आगामी चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन सुनिश्चित करेंगे। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाएंगे।
सूची प्राप्त करते हुए जिलाध्यक्ष एवं विधायक द्वारिकाधीश यादव ने ब्लॉक कांग्रेस के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सफलता की कुंजी उसका मजबूत बूथ प्रबंधन होता है। इन कमेटियों के गठन से महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष गुरमीत चावला, मंडल अध्यक्ष सचिन गायकवाड़, लीलू साहू, जयश्री दास, प्रदीप चंद्राकर, सोमेश दवे, निर्मल जैन, अनीश राजवानी, जुगल शर्मा सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रमुख पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


