महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 अप्रैल। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र के भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पुरुषोत्तमपुर में जमीन को लेकर विवाद सामने आया है, जिसके बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामला पुलिस जांच में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 अप्रैल को तारक पटेल (70 वर्ष), निवासी बिरकोल (सरायपाली), पुरुषोत्तमपुर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने प्राइमरी स्कूल, मिडिल स्कूल, आंगनबाड़ी भवन और प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ से लगे हिस्से की जमीन को जेसीबी के माध्यम से काटकर अपने खेत में मिलाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन उनके पूर्वज स्वर्गीय चक्रधर पटेल द्वारा जनहित में दान की गई थी, जिस पर वर्तमान में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और सडक़ का निर्माण हुआ है। ग्रामीणों ने इसे सार्वजनिक उपयोग की भूमि बताते हुए आपत्ति जताई।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि तारक पटेल बंदूक लेकर मौके पर पहुंचे और काम जारी रखा। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से राजीनामा किया गया।
इसके कुछ दिन बाद तारक पटेल ने भंवरपुर चौकी में कुछ ग्रामीणों के खिलाफ गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ग्रामीण भी बड़ी संख्या में चौकी पहुंचकर अपना पक्ष रखा।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि विवादित जमीन दान की गई थी और उससे संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा है। पुलिस के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


