महासमुन्द
तीनों मामलों में आरोपी जेल दाखिल, नाबालिग को बाल संरक्षण गृह भेजा गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12अप्रैल। महासमुंद जिले में 3 अलग-अलग मर्डर के मामलों में पुलिस ने आरोपियों को अरेस्ट किया है। पहले मामले में पिता और छोटे बेटे ने मिलकर बड़े बेटे को मार डाला। वह शराब का आदी था और नशे में घरवालों से मारपीट करता था। इसलिए सिलबट्टे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव बोरी में बांधकर कुएं में फेंक दिया। दूसरे मामले में शराब के नशे में दोस्त को गाली देने पर युवक की हत्या कर दी गई। तीन साथियों ने मिलकर युवक के सिर पर कांच की बोतल और पत्थरों से मारा तो गहरी चोट लगने से उसकी जान चली गई। तीसरे मामले में पारिवारिक विवाद में चाकू मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई।
पहले मामले में पिता और छोटे बेटे ने मिलकर बड़े बेटे की ह्तया कर दी। यह घटना 9 अप्रैल 2026 को सामने आई। यशवंत चंद्राकर के मुर्गी फार्म के पास जंगल से लगे लिफ्ट एरिगेशन के कुएं में एक युवक का शव बोरी में बंद मिला। शव को पानी में डूबाए रखने के लिए उसके साथ पत्थर बांधा गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की जांच में शव की पहचान सत्यानारायण ध्रुव 27 साल के रूप में हुई। वह पिछले एक महीने से लापता था। पुलिस ने जब परिवार से सख्ती से पूछताछ की, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया।
इस मामले में पुलिस का कहना है कि सत्यानारायण शराब का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर वालों के साथ मारपीट करता था। 6 मार्च की रात भी वह अपनी मां से झगड़ रहा था। इसी दौरान घर में माहौल बिगड़ गया और छोटे भाई का गुस्सा फूट पड़ा। उसने घर में रखा पत्थर का सीलबट्टा उठाकर सत्यानारायण के सिर पर कई बार वार किया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कुछ देर बाद पिता महेश ध्रुव घर पहुंचा। बेटे की मौत देखकर उन्होंने पुलिस को खबर देने की बजाय मामला छिपाने का फैसला किया। फिर पिता और आरोपी छोटे बेटे ने मिलकर शव को एक बोरी में भरा और दोनों ने शव को बाइक पर रखा। एक सूनसान जगह ले जाकर कुएं में फेंक दिया, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस ने आरोपी पिता महेश ध्रुव को कल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं आरोपी नाबालिग बेटे को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।)
दूसरे मामले में 6 अप्रैल को खट्टी जंगल में एक अज्ञात युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला था। जांच के दौरान मृतक की पहचान खैरा निवासी प्रकाश पटेल 23साल के रूप में हुई। शव के चेहरे, गर्दन और सीने में गंभीर चोट के निशान थे। गले में एक पीला गमछा बंधा हुआ पाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मृतक के दोस्तों से पूछताछ में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन सुरागों के आधार पर पुलिस ने चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू, गोपाल प्रधान और जालंधर सोनवानी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। लगभग एक महीने पहले शराब के नशे में मृतक ने आरोपियों को गाली दी थी। जिससे उनके बीच विवाद हो गया था। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने प्रकाश पटेल की हत्या की साजिश रची।
फिर 5 अप्रैल की रात आरोपी चन्द्रहास नेताम उर्फ काजू 21साल, गोपाल प्रधान 20 साल और जालंधर सोनवानी 21 साल ने प्रकाश पटेल को गायत्री मंदिर के पास से बहला-फुसलाकर अपनी बाइक पर बैठाया और खट्टी जंगल ले गए। वहां उन्होंने कांच की बोतल और पत्थरों से उस पर जकई बार हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए और गरियाबंद क्षेत्र में छिप गए थे। पुलिस ने लगातार दबिश के बाद कल शनिवार को ही तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
तीसरी घटना सरायपाली थाना क्षेत्र के झिलमिला वार्ड क्रमांक 8 की है। कल शनिवार 11 अप्रैल को दिनदहाड़े एक पारिवारिक विवाद में अनवर खान 53 की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जबकि उनके बेटे अजहर खान 21 साल और बेटी शहनाज 27 साल घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मृतक अनवर खान के बड़े बेटे अरशद खान ने करीब 3 साल पहले एक युवती से लव मैरिज की थी। इन दोनों से 2 बच्चे हुए। बड़ा बेटा 5 साल का और दूसरा करीब एक साल का है। महिला शादीशुदा होते हुए भी करीब 8 महीने पहले ताजुद्दीन के साथ भाग गई थी। कल 11 अप्रैल की दोपहर 2 बजे महिला अपने दूसरे पति ताजुद्दीन और उसके दोस्त राकेश साहू के साथ झिलमिला अपने पहले पति के घर पहुंची आरै अपने बड़े बेटे को साथ ले जाने के लिए अड़ गई।
इसी बीच मृतक अनवर खान ने कोर्ट के माध्यम से बच्चा देने की बात कही। इस बीच अचानक विवाद इतना बढ़़ गया कि ताजुद्दीन का दोस्त राकेश साहू ने अनवर खान पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए अजहर और शहनाज पर भी चाकू से बार कर दिया।
इस हमले में घायल अनवर खान ने अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अजहर और शहनाज बुरी तरह जख्मी हैं। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सरायपाली पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए थे। इस दौरान एक रिश्तेदार ने चाकू से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया जिसमें 1 युवक की मौत हुई है।


