महासमुन्द
महासमुंद,10अप्रैल। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत साल्हेभांठा में सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे और मारपीट का एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक को दो लोगों के बीच हो रहे विवाद को सुलझाना महंगा पड़ गया। आरोपियों ने विवाद शांत करने के बजाय युवक पर ही हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार साल्हेभांठा निवासी शंभू ध्रुव ने कोतवाली पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शंभू के अनुसार बीती 6 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे वह घर से जरूरी सामान खरीदने के लिए मनोहर की दुकान जा रहा था। रास्ते में स्कूल के पास उसने देखा कि मिथिलेश ध्रुव और शुभम ध्रुव अपने चाचा सुरेश ध्रुव के साथ किसी बात को लेकर उग्र बहस कर रहे थे। मामला बढ़ता देख शंभू वहां रुका और उसने दोनों युवकों को समझाने का प्रयास किया कि वे अपने बुजुर्ग चाचा से इस तरह विवाद न करें। शंभू की समझाइश से आरोपी नाराज हो गये और दोनों ने मिलकर शंभू की पिटाई कर दी। पुलिस इस ममाले में जांच कर रही है।


