महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरा पुलिस ने डीजल की अवैध खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह को पकडऩे में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 150 लीटर डीजल और एक आयशर माजदा वाहन सहित कुल 6लाख, 15 हजार 900 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मेमरा स्थित एक किराना दुकान-मकान में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थ डीजल का भंडारण किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी निर्मल यादव अपने सहयोगी खेमराज पटेल के साथ मिलकर वाहन आयशर माजदा के चालक गिरधर सिन्हा से चोरी का डीजल खरीद रहे थे। चालक अपने वाहन से डीजल निकालकर बिना किसी सुरक्षा मानकों के अवैध रूप से इन्हें बेच रहा था। पुलिस ने तीनों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।


