महासमुन्द

खट्टी जंगल में मिली लाश की हुई पहचान, शरीर पर चोट के निशान
07-Apr-2026 4:44 PM
खट्टी जंगल में मिली लाश की हुई पहचान, शरीर पर चोट के निशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 अप्रैल। जिला मुख्यालय से 21 किलोमीटर दूर ग्राम खट्टी के जंगल में सोमवार सुबह एक युवक की खून से सनी लाश मिली थी। 23 वर्षीय उक्त मृतक की शिनाख्त महासमुंद के शीतली नाला निवासी प्रकाश पटेल के रूप में हुई। शरीर पर धारदार हथियार के अनगिनत निशान और घटनास्थल के हालात को देखकर पुलिस ने इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है। मौके पर संघर्ष के अनेक निशान मिले हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना का खुलासा तब हुआ, जब गांव का कोटवार जंगल से गुजर रहा था। झाडिय़ों के बीच क्षत-विक्षत शव को देख उसके होश उड़ गए। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों का दल मौके पर पहुंंंंंंंंंंंंंंचा। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर संघर्ष के संकेत मिले हैं। खून के छींटे और टूटे हुए सामान इस बात की तस्दीक कर रहे थे कि हत्या से पहले युवक ने अपनी जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया होगा। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले प्रकाश को बेरहमी से पीटा और फिर धारदार हथियार से उसके चेहरे, नाक और सिर पर कई वार किए।

जांच के दौरान शव के पास ही एक रस्सीनुमा वस्तु बरामद हुई है। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या करने के बाद आरोपी लाश को पेड़ से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने के फिराक में थे। हालांकि किन्हीं कारणों से वे अपने इस मंसूबे में कामयाब नहीं हो पाए और शव को वहीं छोडक़र फरार हो गए।

घटनास्थल के पास स्थित कंपोजिट शराब दुकान भी अब पुलिस की जांच के दायरे है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस इलाके में अक्सर संदिग्ध गतिविधियां देखी जाती रही हैं। माामले में क्या किसी आपसी विवाद के चलते प्रकाश को जंगल में बुलाया गया, क्या इस हत्याकांड में किसी गिरोह का हाथ है, जैसे सवालों के साथ पुलिस मामले की जांच कर रही है।  मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने डीएनए और फिंगरप्रिंट के सैंपल लिए हैं। इस जन्य हत्याकांड के बाद ग्राम खट्टी और आसपास के क्षेत्रों में दहशत है।

 प्रतिभा पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, महासमुंद का कहना है कि अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में जुटी है। शीघ्र ही आरोपी पकड़े जाएंगे।


अन्य पोस्ट