महासमुन्द

20 रुपये के लेन-देन पर चाकूबाजी, 2 युवक जख्मी
07-Apr-2026 4:29 PM
20 रुपये के लेन-देन पर चाकूबाजी,   2 युवक जख्मी

2 गिरफ्तार, अन्य की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 7 अप्रैल। शहर के एक शासकीय शराब दुकान के आहता (चखना स्थल) में हुए विवाद के बाद दो युवकों पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 2 बजे कुछ युवक शराब दुकान से शराब लेकर आहता में बैठे थे। इसी दौरान 20 रुपये के लेन-देन को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। बताया गया है कि विवाद के बाद कुछ युवक वहां से चले गए और कुछ समय बाद अन्य लोगों के साथ वापस लौटे।

इसके बाद आहता में काम कर रहे छन्नू चक्रधारी और मोनेश यादव पर चाकू से हमला किया गया। घटना में दोनों युवक घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मोनेश यादव को आगे उपचार के लिए महासमुंद रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, मामले में बादल और आकाश नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि शहर में नशे से जुड़ी गतिविधियों में वृद्धि हो रही है और इसी कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट