महासमुन्द

सितली नाला विकास कार्य ने पकड़ी रफ्तार, 90 फीसदी सफाई पूरी
05-Apr-2026 3:34 PM
सितली नाला विकास कार्य ने पकड़ी  रफ्तार, 90 फीसदी सफाई पूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 अप्रैल। सितली नाला के स्वरूप को बदलने और क्षेत्र के विकास के लिए संचालित अविरल सितली, निर्मल सितली अभियान अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच गई है। स्वाध्याय केंद्र समिति द्वारा समाजसेवी स्वर्गीय अशोक चौरडिय़ा की स्मृति में कराए जा रहे इस अभियान के विकास कार्य की गति वर्तमान में काफी तेज है। जिसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखने लगे हैं।

अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए समिति के संस्थापक सदस्य एवं महासमुंद के पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने बताया कि पुल से लेकर श्मशान घाट तक नाले की लगभग 90 प्रतिशत सफाई का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका है। स्वच्छता अभियान के साथ-साथ अधोसंरचना पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिसके तहत नाले के दोनों ओर सडक़ निर्माण हेतु समतलीकरण का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है।

बताया कि इसी कड़ी में अब स्टॉप डैम के रखरखाव का महत्वपूर्ण चरण भी शुरू हो गया है। सिंचाई विभाग के द्वारा विभागीय तौर पर बांध के गेटों के मेंटेनेंस और रंगाई-पुताई का काम प्रारंभ कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों की देखरेख में मशीनी और तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं ताकि जल संचयन और प्रबंधन सुचारू रूप से हो सके। डॉ. चोपड़ा ने बताया कि जैसे ही गेटों के मेंटेनेंस का यह कार्य संपन्न होगा, बांध के ऊपर प्रस्तावित पुल के निर्माण की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। इस पुल के बन जाने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। विकास कार्यों की निरंतर निगरानी सचिव मोहन साहू और पवन साहू द्वारा की जा रही है। 

               इस परियोजना के महत्व को देखते हुए हाल ही में मेघ बसंत कॉलोनी के डायरेक्टर राजू श्रीश्रीमाल ने अपनी टीम के साथ कार्यस्थल सितली नाला का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की सराहना की और इस कार्य में अपनी ओर से पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। स्वाध्याय केंद्र समिति और स्थानीय सहयोग से हो रहा यह कायाकल्प आने वाले समय में सितली नाला क्षेत्र को एक व्यवस्थित और सुंदर स्वरूप प्रदान करेगा।


अन्य पोस्ट