महासमुन्द

महासमुंद को मिली 8 नई एम्बुलेंस विधायक-कलेक्टर ने दिखाई झंडी
02-Apr-2026 2:09 PM
महासमुंद को मिली 8 नई एम्बुलेंस  विधायक-कलेक्टर ने दिखाई झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,2 अप्रैल। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य कार्यालय से महासमुंद को 08 नई एम्बुलेंस की सौगात मिली है। इन एम्बुलेंस को विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा किशन लाल पटेल एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कल हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि जीवदायिनी 108 एम्बुलेंस सेवा राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। नई एम्बुलेंस के जुडऩे से आपातकालीन सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी तथा मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई एम्बुलेंस के संचालन से आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि गोल्डन ऑवर में त्वरित उपचार उपलब्ध कराना जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और ये एम्बुलेंस इस दिशा में अहम साबित होंगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि इन एम्बुलेंस में इनक्यूबेटर, वेंटिलेटर,  डिफिब्रिलेटर, सक्शन पंप, नेब्युलाइजर, ऑक्सीजन मशीन सहित अन्य जीवन रक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही मरीजों को त्वरित एवं प्राथमिक उपचार देने के लिए आवश्यक दवाइयों की भी समुचित व्यवस्था की गई है।

कहा जा रहा है कि नई एम्बुलेंस के शुरू होने से जिले में आपातकालीन सेवाओं की पहुंच और तेज होगी। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी। गंभीर मरीजों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाकर उपचार की संभावना बढ़ेगी तथा एम्बुलेंस में ही प्राथमिक उपचार मिलने से गोल्डन ऑवर का बेहतर उपयोग हो सकेगा। इससे जिले का स्वास्थ्य तंत्र और अधिक मजबूत होगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट