महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अप्रैल। बीते 23 से 26 मार्च के भीतर दिनों में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अलग-अलग जगहों पर दबिश दी और कुल 94 फरार वारंटियों को दबोचा। सभी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत 6 स्थायी वारंटी (जो लंबे समय से फरार थे) और 88 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 94 आरोपियों को पकड़ा गया। इनमें आबकारी एक्ट, छेड़छाड़ और मारपीट जैसे मामलों के आरोपी शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्यवाही से उन अपराधियों में खौफ पैदा हो गया है जो कोर्ट में पेशी से बचकर छिपे हुए थे। पुलिस ने पूरे जिले को अलग-अलग टीमों में बांटकर एक साथ छापेमारी की। इसमें सरायपाली अनुविभाग सबसे आगे रहा।
यहां कुल 41 वारंटी पकड़े गए। इनमें सिंघोड़ा से 21, बसना से 16 और सरायपाली से 4 शामिल हैं। वही महासमुंद अनुविभाग में कुल 27 वारंट तामील हुए। इनमें कोतवाली से 13, तुमगांव से 11 और खल्लारी से 3 शामिल हैं।
इसी तरह पिथौरा अनुविभाग में कुल 22 वारंटियों को पकड़ा गया। इनमें पिथौरा से 14, सांकरा से 5 और पटेवा से 3 शामिल हैं। इसी तरह बागबाहरा अनुविभाग में कोमाखान और तेंदूकोना पुलिस ने कुल 4 वारंटियों पर कार्यवाही की।
शांति और सुरक्षा के लिए निरंतर जारी रहेगी मुहिम: जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह प्रभावी कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और न्यायालयीन प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करना है।