महासमुन्द
महासमुंद, 31मार्च। तोषगांव में तालाब में नहाने गए 9वीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। बसना थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार की है। बताया जा रहा है कि गांव के राजेंद्र बरिहा पिता रविशंकर (15) सुबह नहाने के लिए तालाब गया था। नहाने के दौरान तालाब के भीतर कमल (पूरेन) की झाडिय़ों में वह ऐसे फंसा कि बाहर नहीं निकल पाया और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है।
बताते हैं कि वह तालाब किनारे अपने कपड़े और चप्पल उतारकर पानी में उतरा था।
हादसे का पता तब लगा, जब उसके साथ गए बाकी बच्चे नहाकर लौट आए, लेकिन राजेंद्र घर नहीं पहुंचा।
काफी देर बाद भी राज घर नहीं आया तो परिजनों की चिंता बढऩे लगी। दोपहर करीब 1 बजे जब परिजन तलाश करते हुए तालाब पहुंचे, तो घाट पर राजेंद्र के कपड़े और चप्पल मिले।
अनहोनी की आशंका में परिजन और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद राजेंद्र को तालाब से बाहर निकाला गया। उसे फौरन बसना अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आशंका है कि नहाने के दौरान उसके हाथ-पांव झाडिय़ों में फंस गए होंगे। बसना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।


