महासमुन्द

प्रयास आवासीय विद्यालय में 9वीं में प्रवेश, 17 तक ऑनलाइन आवेदन
30-Mar-2026 4:23 PM
प्रयास आवासीय विद्यालय में 9वीं में प्रवेश, 17 तक ऑनलाइन आवेदन

महासमुंद,30  मार्च। प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। गौरतलब है कि इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है, साथ ही मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट एवं एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की सघन तैयारी भी कराई जाती है, ताकि वे अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।

सहायक आयुक्त आदिवासी विकास शिल्पा साय ने बताया कि प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 24 मार्च से प्रारंभ हो चुके हैं और इच्छुक विद्यार्थी 17 अप्रैल की रात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।  आवेदन के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो विद्यार्थियों को 18 अप्रैल से 21 अप्रैल तक सुधार का अवसर भी दिया जाएगा।  इसके पश्चात 22 से 28 अप्रैल तक जिला स्तर पर दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 1 मई से 9 मई के बीच डाउनलोड किए जा सकेंगे तथा प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन 10 मई को किया जाएगा।

ऑनलाइन आवेदन के लिए विभागीय वेबसाइट पर आवेदन कर सकते है। इसके अलावा आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी जिले के सहायक आयुक्त,आदिवासी विकास कार्यालय महासमुंद से प्राप्त किए जा सकते हैं।


अन्य पोस्ट