महासमुन्द

दिव्य अनुभूति का एहसास कराती किताब ‘दिव्यधाम नानकसागर’
29-Mar-2026 5:22 PM
दिव्य अनुभूति का एहसास कराती किताब ‘दिव्यधाम नानकसागर’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 29 मार्च। पिथौरा के साहित्यकार और इतिहास शोधकर्ता डॉ. शिवशंकर पटनायक द्वारा लिखित पुस्तक ‘दिव्यधाम नानकसागर’ हाल ही में प्रकाशित हुई है। यह पुस्तक गुरु नानक देव के जीवन और विचारों को छत्तीसगढ़ के संदर्भ में प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।

पुस्तक में गुरु नानक देव के जीवन प्रसंगों, उनकी यात्राओं और उनके संदेशों को क्रमबद्ध रूप से संकलित किया गया है। लेखक ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ क्षेत्र से जुड़े ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों—जैसे गढफ़ुलझर, नानकसागर, शिवरीनारायण, जेवरा और पिथौरा—का उल्लेख करते हुए उनके महत्व को रेखांकित किया है।

पुस्तक के प्रथम चरण में प्रकाशक रजिन्दर खनूजा, लेखक डॉ. शिवशंकर पटनायक, खोजकर्ता रिंकु ओबेराय, संपादक के.पी. साहू एवं अन्य विशिष्ठ लोगों ने शुभकामना के जरिये अपने विचारों को उल्लेखित किया है। पुस्तक के लेखक डॉ. शिवशंकर पटनायक उम्र के 83वें पड़ाव में पूरे मनोयोग से तल्लीनतापूर्वक गुरूनानक देव जी के जीवन दर्शन का जीवंत चित्रण किया है।  पुस्तक में गुरु नानक देव से जुड़े विभिन्न ऐतिहासिक पात्रों जैसे भाई मर्दाना, भाई बाला, मख्खन शाह आदि का भी उल्लेख किया गया है।

समीक्षा के अनुसार, लेखक ने विभिन्न स्रोतों के आधार पर विषय को प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। हालांकि, पुस्तक में वर्णित घटनाओं की ऐतिहासिकता के संबंध में पाठकों को स्वयं भी संदर्भों का अध्ययन करने की आवश्यकता हो सकती है। यह पुस्तक मुख्य रूप से गुरु नानक देव के विचारों और उनके संदेशों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती है। धार्मिक और सांस्कृतिक रुचि रखने वाले पाठकों के लिए यह एक उपयोगी संदर्भ सामग्री के रूप में देखी जा सकती है। पुस्तक का उद्देश्य आध्यात्मिक विचारों के साथ-साथ ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहलुओं को पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना है।

गरियाबंद में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए नियंत्रण समिति गठित

गरियाबंद, 29 मार्च। जिले में आवश्यक वस्तुओं की सुचारू उपलब्धता और वितरण व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने नियंत्रण एवं मॉनिटरिंग समिति का गठन किया है। यह समिति विभिन्न विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।

जारी आदेश के अनुसार सहायक खाद्य अधिकारी सुधीरचंद्र गुरु को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं सहायक खाद्य अधिकारी  जागेश्वर राम भगत और खाद्य निरीक्षक रितु मौर्य को सदस्य बनाया गया है।

गठित समिति जिले में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखेगी। समिति समय-समय पर स्थिति की समीक्षा करते हुए अपनी रिपोर्ट जिला कार्यालय को प्रस्तुत करेगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


अन्य पोस्ट