महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 मार्च। महासमुंद के विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को भाजपा संगठन केंद्रीय नेतृत्व की ओर से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें बोलपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। वें लगातार भाजपा प्रत्याशी दिलीप कुमार घोष के समर्थन में प्रचार प्रसार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता जान चुकी है कि प्रदेश को विकास की राह में वापस लाना है, भयमुक्त प्रदेश बनाना है तो भाजपा की सरकार बनानी पड़ेगी। टीएमसी की सरकार ने पश्चिम बंगाल की जनता को विकास से दूर रखा है। प्रदेश में अपराध बढ़ता जा रहा है। इससे लोग उनकी सरकार से परेशान हो चुके हैं।
आगे कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में अच्छा प्रदर्शन किया था। अब उसे आगे जारी रखते हुए भाजपा सरकार को पश्चिम बंगाल की सत्ता में काबिज करना है।
ज्ञात हो कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अपने प्रभार क्षेत्र में सक्रिय रूप से आमजन के बीच पहुंच रहे हैं। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं। जनता के बीच पहुंचकर भाजपा सरकार के कार्यों को बता रहे हैं। केंद्र की लोक कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी दे रहे हैं।विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद ज्ञापित किया है कि उन्हें जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं, इसलिए परिणाम भाजपा के पक्ष में ही आएगी। साथ ही पूरे प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।