महासमुन्द

ईरान-इजराइल युद्ध का असर: रसोई गैस और ईंधन के बाद अब दाल, मसाले, खाद्य तेल और सूखे मेवों की कीमतों में उछाल
28-Mar-2026 4:21 PM
ईरान-इजराइल युद्ध का असर:  रसोई गैस और ईंधन के बाद अब दाल, मसाले, खाद्य तेल और सूखे मेवों की कीमतों में उछाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 मार्च। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बाद वैश्विक सप्लाई चेन में आई रुकावट का सीधा असर अब महासमुंद के स्थानीय बाजारों में दिखने लगा है। रसोई गैस और ईंधन के बाद अब दाल, मसाले, खाद्य तेल और सूखे मेवों (ड्राई फ्रुट्स) की कीमतों में उछाल आने से आम आदमी की थाली का बजट बिगड़ गया है।

शहर के मुख्य मार्केट में पिछले दो सप्ताह के भीतर कई जरूरी चीजों के दाम बढ़ गए। स्थानीय थोक और चिल्हर व्यापारियों का कहना है, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जहाजों का रूट बदलने और माल ढुलाई महंगी होने से कीमतें बढ़ी हैं।

ड्राई फ्रुट्स बादाम, पिस्ता और जीरा के दाम होलसेल में ही बढ़ गए हैं। नया माल आने में देरी हो रही है, जिससे पुराने स्टॉक की कीमतें भी चढ़ गई हैं। काजू जो सप्ताह भर पहले 880 रुपए किलो बिकते थे वो अब 960 रुपए हो गए है। इसी तरह सभी के दाम बढ़ गए हैं।

इसी तरह मसालों में जीरा और काली मिर्च की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी है। सदर बाजार में काबुली चना, मसूर दाल की बाहर से आयात होती है, उसके दाम भी प्रति किलो 5-10 रुपए बढ़ गए हैं। वहीं उड़द दाल, अरहर दाल की कीमतों में भी 10 रुपए तक वृद्धि हुई है। इसी तरह तेल की कीमत में भी काफी उछाल है।

बीते सप्ताह तक जो तेल का टीपा 2100 से 2150 तक मिलते थे, वो अब 2330 से 2400 तक हो गया है। बढ़ते दामों को लेकर लोग परेशान हैं।

मिडिल क्लास की थाली से गायब हो रही पौष्टिकता बाजार में खरीदारी करने आए लोगों ने अपनी चिंता साझा की। कहा कि महंगाई ने परेशानी बढ़ा दी है। विमला साहू ने बताया, पहले गर्मी की मार से सब्जियां महंगी हुईं और अब दाल-मसाले भी पहुंच से बाहर हो रहे हैं। बच्चों के लिए बादाम-अखरोट लेना अब मुमकिन नहीं लग रहा। जो सामान पहले से गोदामों में है, उसके दाम भी युद्ध के नाम पर बढ़ा दिए हैं।

व्यापारियों का मानना है कि यदि युद्ध की स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो आने वाले शादी-ब्याह के सीजन में मिठाई और खान-पान के खर्च में 30 प्रतिशत की और बढ़ोतरी हो सकती है। महासमुंद के स्थानीय बाजारों में अब लोग थोक के बजाय पाव (250 ग्राम) या उससे भी कम मात्रा में मेवे खरीदने को मजबूर हैं।


अन्य पोस्ट