महासमुन्द
महासमुंद, 28 मार्च। ओडिशा से छत्तीसगढ़ के बीच चल रहे अवैध महुआ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का कोमाखान पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने टेमरी नाका पर 16 टन महुआ से भरा एक ट्रक जब्त किया है। लाखों रुपए के इस अवैध माल का परिवहन 20 साल का एक स्थानीय युवक कर रहा था।
ओडिशा का खरियार रोड अवैध महुआ तस्करी का एक प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। 27 मार्च को इसी रूट से आ रहे एक अशोक लीलैंड ट्रक (सीजी 04 एमटी 0207) को पुलिस ने टेमरी नाका पर रोका। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें जूट की बोरियों में भरा 16 टन महुआ मिला, जिसे रायपुर में खपाने की तैयारी थी।
जब पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम किशन ठाकुर (20), निवासी सुवरमाल कोमाखान बताया। पुलिस ने कहा कि इतनी कम उम्र के युवक द्वारा 24 लाख रुपए के वाहन और माल का बिना किसी वैध दस्तावेज (परमिट) के परिवहन करना इस बात की ओर इशारा करता है कि तस्कर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए स्थानीय युवाओं का इस्तेमाल मोहरे के रूप में कर रहे हैं।
पुलिस ने चालक किशन ठाकुर को धारा 94 बीएनएसएस का नोटिस दिया। जवाब में उसने लिखित में स्वीकार किया कि उसके पास महुआ परिवहन का कोई कागजात नहीं है। कोमाखान पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस में मामला दर्ज कर ली है। आरसी बुक में दर्ज संदीप अग्रवाल का नाम कोमाखान थाना प्रभारी महेश साहू ने बताया कि पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए वाहन के कागजात खंगाले तो ट्रक की आरसी बुक में वाहन स्वामी का नाम संदीप कुमार अग्रवाल (पिता मोहनलाल) दर्ज मिला।