महासमुन्द

शोभायात्रा निकाल जोत-जवारा का विसर्जन
28-Mar-2026 4:17 PM
शोभायात्रा निकाल जोत-जवारा का विसर्जन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 मार्च। महापर्व चैत्र नवरात्रि ग्राम बिरकोनी में धार्मिक आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर नौ दिनों तक चलने वाले इस आध्यात्मिक अनुष्ठान का समापन जोत-जवारा विसर्जन के साथ किया गया। इस दौरान क्षेत्र में सुबह से ही भक्ति का माहौल बना रहा।

श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। नवरात्रि में उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने रामनवमी की तिथि पर अपना व्रत पूर्ण किया। इस अवसर पर परंपरानुसार कुंवारी कन्याओं को माता के स्वरूप में सजाकर उनका पूजन किया गया। उन्हें भोजन कराया गया। इसके पश्चात घरों और मंदिरों में स्थापित ज्योति कलशों और बोए गए जवारे की विशेष आरती की गई।

सुबह 10 बजे से जंवारा विसर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। बाजार चौक स्थित कुल देवी दुर्गा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। महिलाएं और बालिकाएं अपने सिर पर जवारों के घट और खप्पर लेकर निकलीं। पूरी यात्रा के दौरान सेवागीत और जसगीत की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से शोभायात्रा का स्वागत किया। बाना और सांग लेकर प्रकट की श्रद्धा: शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों, भाटापारा, सुभाष चौक, साहू पारा, रामजानकी मंदिर और गुड़ी चौक से होकर गुजरी। इस दौरान कई श्रद्धालु शरीर पर सांग और बाना धारण किए हुए नजर आए। विसर्जन मार्ग पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही, जहां महिलाओं ने माता के भजन गाते हुए विसर्जन स्थल तक का सफर तय किया।


अन्य पोस्ट