महासमुन्द

अष्टमी पर हवन अनुष्ठान, मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें
27-Mar-2026 3:53 PM
अष्टमी पर हवन अनुष्ठान,  मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 27 मार्च। नवरात्रि के अवसर पर जिलेभर में भक्ति का वातावरण है। महासमुंद नगर की कुलदेवी मां महामाया मंदिर में जहां अष्टमी के अवसर पर गुरुवार को हवन अनुष्ठान हुआ, वहीं गायत्री शक्तिपीठ में रामनवमी के उपलक्ष्य में पांच कुंडीय महायज्ञ के साथ नौ दिवसीय साधना की पूर्णाहुति दी गई।

नगर के प्राचीन मां महामाया मंदिर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया गया। यहां इस वर्ष कुल 1725 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि 27 मार्च (शुक्रवार) को नवमी के अवसर पर कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया है।

इसमें पूरे नगरवासी शामिल होकर माता का आशीर्वाद और प्रसाद ग्रहण करेंगे। वहीं पावन श्री रामनवमी के अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ महासमुंद में नवरात्रि अनुष्ठान की पूर्णाहुति दी गई।

इस दौरान पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 300 श्रद्धालुओं ने चार पालियों में गायत्री मंत्र की आहुतियां समर्पित कीं। यज्ञ का संचालन पूर्णिमा साहू, कनेश्वरी और महिला मंडल की टीम ने किया। इसके पश्चात भगवान श्री राम की विधिवत राजा-अर्चना और गम स्तति का पाठ कर जन्मोत्सव मनाया गया।

24,000 मंत्रों के अनुष्ठान का संकल्प उप जोन सह समन्वयक एमएल साहू ने शांतिकुंज का संदेश साझा करते हुए बताया कि यह वर्ष साधना वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।

 उन्होंने प्रत्येक परिवार से 24,000 मंत्रों के अनुष्ठान का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस मौके पर मंदिर समिति के सदस्यों के साथ-साथ गायत्री परिवार के शेष नारायण गुप्ता, अमर साहू, नरेश साहू, कुमारेश श्रीवास्तव, ललित मेश्राम सहित अन्य मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट