महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 27 मार्च। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने बूथ एवं पंचायत स्तरीय कांग्रेस कमेटियों के गठन हेतु जिले के विभिन्न ब्लॉकों में प्रभारियों की नियुक्ति की है।
जिलाध्यक्ष श्री यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देशानुसार संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत बूथ एवं पंचायत स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए कमेटियों के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। इस महत्वपूर्ण कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ब्लॉक स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में संगठन विस्तार एवं कमेटी गठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिसमें महासमुंद शहर के लिए रश्मि चंद्राकर, महासमुंद ग्रामीण के लिए लक्ष्मण पटेल, झलप-पटेवा के लिए विनोद चंद्राकर, बागबाहरा ग्रामीण के लिए नरेंद्र सेन, बागबाहरा शहर के लिए तौकिर दानी, कोमाखान के लिए अब्दुल समीम खान, पिथौरा के लिए मंजीत सलूजा, बसना के लिए मनोजकांत साहू, सांकरा के लिए गणेश शर्मा, भंवरपुर के लिए भूपेंद्र सिंह ठाकुर, सरायपाली शहर के लिए फिरोज मेमन, सरायपाली ग्रामीण के लिए कृष्णा चंद्राकर व छुईपाली के लिए विजय बंजारे शामिल हैं। जिलाध्यक्ष श्री यादव ने सभी नियुक्त प्रभारियों से अपेक्षा की है कि वे संगठन की मजबूती के लिए निर्धारित समय-सीमा में बूथ एवं पंचायत कांग्रेस कमेटियों का गठन सुनिश्चित करें ।
और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


