महासमुन्द

लो-वोल्टेज, जनरेटर से चल रहा था रोपवे...
26-Mar-2026 5:55 PM
लो-वोल्टेज, जनरेटर से चल रहा था रोपवे...

कांग्रेस जांच दल ने दुर्घटना स्थल का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च।
खल्लारी में रोपवे हादसे की जांच करने पहुंची कांग्रेस की टीम ने दुर्घटना स्थल का अवलोकन व विभिन्न पहलुओं पर लोगों से चर्चा के बाद हैरान करने वाले कारणों को सामने लाया है। टीम ने कहा कि टूटे हुए केबल के भीतर उन्हें जूट की रस्सी मिली है। यह भी बताया कि लो वोल्टेज के कारण रोपवे को जनरेटर से चलाया जा रहा था। इसी वजह से ट्रॉली को उपर पहुंचने में साढ़े 5 मिनट लग रहा था। जबकि अच्छा वोल्टेज मिल रहा था तब ट्रॉली यह सफर ढाई मिनट में ही पूरा कर लेती थी। साथ में उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह सब तकनीकी मामला है। इन बिन्दुओं पर भी जांच बारीकी से होना चाहिए। यह सब रखरखाव में कमी और लापरवाही का मामला है।
जिला कांग्रेसाध्यक्ष व विधायक द्वारिकाधीश यादव के नेतृत्व में टीम में शामिल सरायपाली विधायक चातुरी नंद, पूर्व प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, जनपद अध्यक्ष केशव नायक राम चंद्राकर ने कल दुर्घटना स्थल का मुआयना किया साथ संबंधित पक्षों तथा नागरिकों विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। जिलाध्यक्ष श्री यादव ने पत्रकारों को बताया कि इस दुखद हादसे में 2 श्रद्धालुओं मृत्यु हो गई है। अनेक घायल हैं। उन ईश्वर से इनके स्वस्थ होने की काम करते हुए कहा कि किसी तकनीकी विशेषज्ञ ने नवरात्र के पहले मेन्टेनेंस किया था।

कहा कि उक्त मेन्टेनेंस के तहत 15 दिन तक ट्रायल भी करना था लेकिन नहीं किया गया। पहाड़ी पर स्थित स्टेशन पर रोपवे के बड़े व्हील के स््थान पर छोटा व्हील लगाया गया था। इसी तरह 2-3 माह से यहां लो वोल्टेज की समस्या रही। फलस्वरूप रोपवे का संचालन जनरेटर से किया जा रहा था। घटना के एक दिन पूर्व लो वोल्टेज की बात संज्ञान में आने पर मैंने स्वयं विद्युत विभाग के अधिकारी से बात कर व्यवस्था सुदृढ़ करने कहा था।
उन्होंने कहा कि रोपवे संचालन में मेन्टेनेंस एवं चेक लिस्ट अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य प्रक्रिया है। किंतु अनुभवहीन टीम के कारण नियमित मेन्टेनेंस एवं आवश्यक चेक लिस्ट का संधारण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि पहले ढाई मिनट में ट्रॉली उपर पहच जाती थी। अब 5 मिनट का समय लग रहा था। ऐसा क्यों,् इसकी भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रोपवे जैसे यूनिट पर नजर रखने की व्यवस्था कम्पनी की होनी चाहिए थी। प्रोजेक्ट प्रारंभ करने के पूर्व पीडब्ल्यूडी के ई एंड एम शाखा से विधिवत फिटनेस सर्टिफिकेट लिया गया था। बाद में यह प्रक्रिया अपनाई जानी थी। उसे नियमित रूप से कम्पनी को मेन्टेनेंस की रिपोर्ट कम्पनी के अलावा संबंधित विभाग को देने की व्यवस्था होनी चाहिए थी। ेउन्होंने बताया-हमने देखा कि टूटी हुई केबल के भीतर जूट की रस्सी दिख रही थी। इसकी भी जांच होनी चाहिए।

विधायक श्री यादव ने कहा कि सीएम श्री साय ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख व घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है। यह नाकाफी है। मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख और घायलों का मुफ्त इलाज तथा 15 लाख रुपए देने की मांग शासन से की है। इस अवसर पर लक्ष्मण पटेल, भूपेंद्र ठाकुर, लखबीर छाबड़ा, देवनाथ साहू, ताम्रध्वज बघेल, मंताराम यादव, लोकेश उईके, खोमेश साहू, आदि बोकड़े, राहुल कुलदीप, धीरज गुप्ता के अलावा मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष विनोद त्रिवेदी सहित पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट