महासमुन्द

साढ़े 5 लाख के राशन का गबन, एफआईआर
26-Mar-2026 3:26 PM
साढ़े 5 लाख के राशन का गबन, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 मार्च।  महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुटेला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में कथित अनियमितताओं के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे की लिखित शिकायत के आधार पर माँ संतोषी महिला स्व-सहायता समूह लुकापारा की अध्यक्ष सेत कुमारी चौहान एवं सचिव माधुरी चौहान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3-7 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली के आदेश के आधार पर की गई है।

खाद्य विभाग के अनुसार, संचालनालय खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, नवा रायपुर से प्राप्त निर्देश के आधार पर ग्राम कुटेला स्थित उचित मूल्य दुकान (आईडी क्रमांक 582004029) का भौतिक सत्यापन किया गया। यह दुकान सितंबर 2023 से संबंधित महिला समूह द्वारा संचालित की जा रही थी। 20 अप्रैल 2025 को किए गए निरीक्षण में ई-पॉस मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक स्टॉक के बीच अंतर पाया गया। विभाग के अनुसार, जांच में चावल, शक्कर और नमक की कुल मिलाकर लगभग 5.61 लाख रुपये मूल्य की कमी पाई गई।

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि दुकान में आवश्यक अभिलेख, जैसे स्टॉक पंजी, निगरानी पंजी, डीओ पंजी, कैशबुक और राशन कार्ड पंजी उपलब्ध नहीं थे। साथ ही दुकान के संचालन समय का प्रदर्शन भी निर्धारित प्रारूप में नहीं किया गया था। विभाग के अनुसार, हितग्राहियों को नियमित रूप से राशन वितरण नहीं किए जाने और खाद्यान्न के दुरुपयोग की शिकायतें भी सामने आईं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।

ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर 23 जनवरी 2026 को पुन: सत्यापन किया गया, जिसमें स्टॉक में और अंतर पाए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा जनवरी 2026 के आबंटन से संबंधित राशि जमा नहीं किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। इस संबंध में संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में जवाब प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद वसूली के आदेश भी जारी किए गए, जिनका पालन नहीं होने की बात विभाग ने कही है। खाद्य निरीक्षक द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए, जिसके बाद थाना सरायपाली में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। खाद्य विभाग के अनुसार, इस प्रकरण से सार्वजनिक वितरण प्रणाली प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


अन्य पोस्ट