महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मार्च। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने महासमुंद और सरायपाली की तीन बड़ी फ र्मों पर औचक दबिश देकर भारी अनियमितताएं पाए जाने पर हजारों की संख्या में पानी बोतलें और पाउच जब्त किया है। बीते रविवार को सरायपाली के किसड़ी स्थित मेसर्स कृष्णा इंडस्ट्रीज में विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।
यहां प्रेशिओ ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और पाउच पर न तो बैच नंबर था और न ही उत्पादन या समाप्ति की तिथि अंकित थी। प्रथम दृष्टया इसे भ्रामक मानते हुए टीम ने 98 बोरी पानी पाउच और 5814 पानी की बोतलों को मौके पर ही सीज कर दिया। जांच के लिए 4 विधिक नमूने संकलित कर रायपुर लैब भेजे गए हैं। इससे पहले 11 और 16 मार्च को भी विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
मेसर्स युवराज ब्रेवरेजेस लभराखुर्द में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का नमूना लिया गया। नियमों का पालन न होने पर फर्म को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। मेसर्स बिसेन फुड्स बेलसोंडा में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशनी राजपूत ने यहां बिसेन लिटिल बाइट वैनिला का नमूना जांच के लिए भेजा और कमियां पाए जाने पर सुधार नोटिस थमाया है। अभिहित अधिकारी उमेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान सभी संकलित नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया है।
अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।