महासमुन्द

केवाईसी के दौरान गैस पाइप खरीदने के दबाव का आरोप, जांच की मांग
25-Mar-2026 3:59 PM
केवाईसी के दौरान गैस पाइप खरीदने के  दबाव का आरोप, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 मार्च। शहर स्थित एकता चौक के साईं इंडेन गैस कार्यालय में केवाईसी कराने आए उपभोक्ताओं को गैस पाइप खरीदने के लिए कथित रूप से दबाव बनाने का मामला सामने आया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि लगभग 190 रुपये कीमत का पाइप नहीं खरीदने पर केवाईसी नहीं किए जाने की बात कही जा रही थी, जिससे मौके पर विरोध की स्थिति बनी।

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता उस रास्ते से गुजर रहे थी। उसे भीतर जाने पर पता चला कि कार्यालय के कर्मचारी उपभोक्ताओं को पाइप खरीदने के लिए अनावश्यक दबाव बना रहे थे और सीधे तौर पर आदेश था कि जो भी पाइप नहीं खरीदेगा, उसकी केवायसी नहीं होगी।

 संवाददाता को भी साफ तौर पर कहा गया कि शासन का आदेश है और आप भी पाइप नहीं खरीदेंगे तो आपका भी केवायसी नहीं होगा। इस पर संवाददाता ने कहा कि बताया कि उनके कनेक्शन का दूसरे स्थान पर पहले से ही केवायसी हो चुका है । इस पर वहां के कर्मचारी अन्य उपभोक्ताओं को डांट डपट करने लगे कि किसी को भी ज्यादा बात करने या चालाकी करने की जरूरत नहीं है, यह सरकारी आदेश है कि केवायसी तभी होगा जब पाइप खरीदेंगे। इस पर संवाददाता ने बोर्ड पर लगा एजेंसी मालिक महोबिया का नंबर डायल किया लेकिन कई बार कोशिश के बाद भी उन्होंने फोन नहीं उठाया।

मामले की जानकारी जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव को दी गई। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कार्रवाई की बात कही। संबंधित अधिकारी सुशील शर्मा ने फोन पर बताया कि एजेंसी संचालक को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं और अब पाइप खरीदने की शर्त पर केवाईसी नहीं रोका जाएगा।

एजेंसी संचालक ने भी पाइप वितरण बंद करने की बात कही। फिलहाल मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। उपभोक्ताओं ने पूरे प्रकरण की जांच की मांग की है।

साईं गैस एजेंसी और उपभोक्ताओं के बीच बहस का ऑडियो ‘छत्तीसगढ़’संवाददाता के पास सुरक्षित है।


अन्य पोस्ट