महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 मार्च। महासमुंद जिले में स्थित खल्लारी मंदिर में हुए रोपवे हादसे में कल शाम एक और गंभीर रूप से घायल की मौत हो गई है। जिला प्रशासन की ओर भी इस सम्बंध में एक खबर जारी कर इस बात की पुष्टि की है कि हादले में गंभीर गोविंद स्वामी 47 साल महासमुंद निवासी रायपुर के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे और उन्होंने मंगलवार रात करीब 9 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वे पेशे से किसान थे।
गौरतलब है कि इससे पहले इस हादसे में रायपुर राजातालाब निवासी शिक्षिका आयुषी की मौत हो गई थी। इस तरह रोपवे हादसे में अब तक दो लोगों की जान चली गई है। यह हादसा रविवार 22 मार्च की सुबह हुआ था। रायपुर तथा महासमुंद से देवी दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु माता के दर्शन कर रोपवे ट्रॉली से नीचे लौट रहे थे।
उक्त ट्रॉली में ऋषभ धावरे 29, छायांश धावरे 16, आयुषी धावरे 28, मानसी गोडरिया 12, नमिता स्वामी 45, अंशुमिता स्वामी 10 और गोविंद स्वामी सवार थे।
इसी दौरान अचानक रोपवे का केबल टूट गया और ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वहीं दूसरी ट्रॉली स्टेशन से टकरा गई। इस हादसे में कुल 16 श्रद्धालु घायल हुए थे। मृतका आयुषी पाटन के आत्मानंद स्कूल में पदस्थ थीं और रायपुर के राजातालाब इलाके में रहती थीं। उनकी शादी 4 महीने पहले हुई थी।
जानकारी मिली है कि मृत महासमुंद निवासी गोविंद स्वामी की पत्नी नमिता स्वामी और बेटी अंशमिता की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। इनका इलाज निजी अपस्ताल में चल रहा है। इस घटना में आयुषी के पति ऋषभ धावरे, देवर छायांश धावरे और ननद सुभी का भी इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। जबकि रविवार शाम 5 बजे तक बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के बाद 8 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि सभी श्रद्धालु चैत्र नवरात्रि के चौथे दिन दर्शन के लिए खल्लारी मंदिर आए थे। दर्शन के बाद कुछ लोग रोपवे ट्रॉली से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक केबल टूट गया। ट्रॉली पहाड़ी से टकराई और उसमें सवार लोग करीब 20 फीट नीचे गिर गए। इसी दौरान ऊपर जा रही दूसरी ट्रॉली भी असंतुलित होकर गिर गई और उसमें बैठे लोग भी घायल हो गए। जिला प्रशासन ने मामले की जांच की। लापरवाही सामने आने पर रोपवे संचालक और दो स्थानीय कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खल्लारी माता मंदिर में हुई रोपवे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजन को 5 लाख एवं घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दु:ख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।