महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मार्च। जिला पुलिस प्रशासन यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अब आधुनिक तकनीक का सहारा ले रहा है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 8 मार्च से 20 मार्च के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई की मदद से कुल 555 वाहन चालकों के खिलाफ ई चालान की कार्रवाई की गई है।
मालूम हो कि महासमुंद शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे एआई कैमरों के जरिए बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वालों को ट्रेस किया जा रहा है। अब तक की व्यवस्था के अनुसार महीने में तीन बार उल्लंघन करने पर भी केवल एक बार ही चालान काटा जा रहा था। लेकिन पुलिस ने अब नियमों में सख्ती कर दी है। अब वाहन चालक जितनी बार भी बिना हेलमेट कैमरे की नजर में आएगा, उतनी ही बार उसका ई.चालान काटा जाएगा।
पुलिस की इस तकनीक ने न केवल हेलमेट उल्लंघन, बल्कि गलत नंबर प्लेट के इस्तेमाल को भी पकडऩा शुरू कर दिया है। इस महीने एआई ने ऐसे 13 वाहनों को चिन्हित किया है जो गलत या फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर रहे थे। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जानबूझकर गलत नंबर प्लेट का उपयोग करने वाले या फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ अब सीधे धोखाधड़ी 420 का मामला दर्ज किया जाएगा। महासमुंद पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाएं। ई.चालान की यह मुहिम दंड देने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सडक़ हादसों को रोकने के उद्देश्य से शुरू की गई है।