महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मार्च। महासमुंद जिले के ऐतिहासिक ग्राम गढफ़ुलझर में नवनिर्मित रणेश्वर मंदिर का बहुप्रतीक्षित प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार से शुरू हुआ है। बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज की ओर से आयोजित इस पंच दिवसीय महापर्व को ऐतिहासिक बनाने के लिए शाम को चारों दिशाओं से चार भव्य रथ यात्राएं निकलेंगी। इस पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्रवासी उत्साहित हैं।
प्राण प्रतिष्ठा के लिए विशेष रूप से जगन्नाथ पुरी से लाई गई पूजन सामग्री को एक सुसज्जित रथ के माध्यम से सरायपाली से गढफ़ुलझर ले जाया जाएगा। सरायपाली आंचलिक सभा को इस महत्वपूर्ण रथ यात्रा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुबह 11 बजे नई मंडी सरायपाली में समाज के लोग एकत्रित होने के बाद दोपहर 12 बजे भोजन के पश्चात शाम को भव्य शोभा यात्रा प्रारंभ होगी। जो जयस्तंभ चौक, बस स्टैंड, घंटेश्वरी मंदिर, तोरेसिंहा, गोहेरापाली और तोषगांव होते हुए गढफ़ुलझर पहुंचेगी। इस यात्रा में शिव झांकी, जुगार रथ, नारियल रथ के साथ-साथ घंट पार्टी, सबरदा पार्टी, निशान बाजा, करमा नृत्य और कीर्तन मंडलियां श्रद्धा और उत्साह का संचार करेंगी। मुख्य महोत्सव कल 23 से 27 मार्च तक चलेगा।