महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 21 मार्च। नगर स्थित श्री जगन्नाथ गैस एजेंसी में एलपीजी सिलेंडर रिफिल पहुंचने के बाद शहीद भगत सिंह खेल मैदान में उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, सैकड़ों उपभोक्ता सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े रहे।
उपभोक्ताओं का कहना है कि होम डिलीवरी सेवा बंद होने के कारण उन्हें स्वयं सिलेंडर लेकर लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे असुविधा हो रही है। उनका कहना है कि सुबह से ही लोग अपनी बारी के इंतजार में खड़े रहते हैं।
एजेंसी संचालक के अनुसार, हाल ही में 342 रिफिल सिलेंडर पहुंचे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि वितरण के दौरान ओटीपी के बजाय सिलेंडरों की गिनती के आधार पर नंबर तय किए जा रहे हैं, जिससे पहले से बुकिंग कराने वाले कुछ उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है।
लाइन में लगे कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि यदि पहले की तरह ओटीपी के आधार पर घर पहुंच सेवा बहाल की जाए तो भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति कम हो सकती है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि उन्हें लंबे समय तक धूप में खड़े रहना पड़ रहा है और सीमित संख्या में सिलेंडर उपलब्ध होने से अनिश्चितता बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्थिति को देखते हुए पुलिस की सहायता से मैदान में लाइन लगाकर सिलेंडर वितरण कराया जा रहा है।
एजेंसी या प्रशासन की ओर से होम डिलीवरी सेवा बंद किए जाने या आपूर्ति की स्थिति पर विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी है।