महासमुन्द
दलहनी फ सलें पक कर तैयार, आम के फसल पर भी असर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 मार्च। बीते चार-पांच दिनों से महासमुंद जिले में भी मौसम खराब है। बेमौसम बारिश की आहट ने गेहूं और दलहनी फसल कटाई की तैयारी कर रहे किसानों की नींद उड़ा दी है। वर्तमान में रबी की प्रमुख फसलें गेहूं और चने के अलावा सरसों, अलसी की जारी है। लेकिन मौसम के बदलते मिजाज ने उत्पादन और गुणवत्ता दोनों पर संकट के बादल मंडरा दिए हैं।
कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि मौसम इसी तरह बना रहा और बारिश तेज हुई तो तैयार खड़ी फसलों के जाने काले पड़ सकते हैं और फसलें जमीन पर बिछ सकती हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले में इस साल रबी रकबे में काफी उत्साहजनक बढ़ोत्तरी देखी गई थी। आंकड़ों के मुताबिक इस साल लगभग 3 हजार 224 हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की फसल लहलहा रही है। जबकि चना और मटर जैसी दलहनी फसलों का विस्तार करीब 3 हजार 737 हेक्टेयर क्षेत्र में है। कुल मिलाकर जिले के 45 हजार 574 हेक्टेयर रकबे पर इस समय मौसम की मार पड़ती दिखाई दे रही है। गेहूं की बालियां अब पूरी तरह भर चुकी हैं और दलहन की फसलें पकने की अंतिम अवस्था में हैं। ऐसे में यह समय फसलों के लिए सबसे संवेदनशील माना जा रहा है।
वर्तमान में आसमान में छाए घने बादलों और बढ़ी हुई नमी का सीधा असर फसलों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। धूप न निकलने के कारण पौधों में प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया धीमी हो गई है। जिससे दानों का समुचित विकास रुक सकता है। दानों की प्राकृतिक चमक खो सकती है। सबसे बड़ी समस्या गेहूं के साथ है।
मौसम के इस अनिश्चित बदलाव ने सब्जी उत्पादक किसानों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। लगातार बादल छाए रहने से तापमान और आद्र्रता में असंतुलन पैदा हुआ है। यह कीटों के पनपने के लिए अनुकूल है। विशेष रूप से सेम और मटर की फसलों पर एफिड्स का भारी प्रकोप देखा जा रहा है। ये कीड़े पौधों का रस चूसकर उन्हें सूखा देते हैं। इसके साथ ही बैंगन और टमाटर में फल एवं तना छेदक कीटों की सक्रियता बढ़ गई है। जबकि मिर्च लीफ कर्ल यानी पत्ती मुडऩे वाली व्याधि की समस्या तेजी से फैल रही है।