महासमुन्द

जनगणना प्राथमिक चरण का काम शुरू: महासमुंद ब्लॉक के 188 गांवों सहित जिलेभर में मास्टर प्लान तैयार
16-Mar-2026 4:45 PM
जनगणना प्राथमिक चरण का काम शुरू: महासमुंद ब्लॉक के 188 गांवों सहित जिलेभर में मास्टर प्लान तैयार

 इस बार रजिस्टर के बजाय मोबाइल पर गणना दर्ज होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16मार्च। आखिरकार 16 साल बाद जनगणना प्राथमिक चरण का काम जिला महासमुंद में शुरू हो चुका है। प्रत्येक इलाके में 700 की आबादी पर एक ब्लॉक बनाकर जनगणना का काम किया जा रहा है। इस बार जनगणना का काम कुछ खास तरीके से हो रहा है। जैसे इस बार रजिस्टर के बजाय मोबाइल पर गणना दर्ज की जाएगी। कागजी प्रक्रिया अब पुरानी हो चुकी है और पूरी गणना मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए ऑनलाइन ही होगी। शुरुआती तौर पर महासमुंद तहसील के 188 गांवों सहित जिलेभर में  मास्टर प्लान तैयार हो चुका है।

साल 2027 की डिजिटल जनगणना में प्रगणक मोबाइल एप के जरिए 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र कर रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि शुद्ध और त्रुटिहीन डेटा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तकनीक का सहारा लिया है। इसके लिए ग्रामीण इलाकों में प्रति 700 की जनसंख्या पर एक ब्लॉक बनाया जाएगा। जिसके आधार पर सर्वे कार्य को सुव्यवस्थित जाएगा। जनगणना के प्रारंभिक चरण में मकानों पर नंबर अंकित करने का काम जारी है।

प्रारंभिक चरण में महासमुंद ब्लॉक के 188 गांवों का चयन किया गया है। इसी तरह बागबाहरा ब्लाक के 119, सरायपाली के 237 गांवों का चयन किया गया है। सरायपाली के शहरी क्षेत्रों में कुल 15 वाडों को 45 ब्लॉकों में बांटा गया है। शहरी क्षेत्रों की जिम्मेदारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी सीएमओ को सौंपी गई है। जबकि ग्रामीण इलाकों के लिए तहसीलदार को प्रभारी बनाया गया है। हाल ही में राज्य स्तरीय टीम ने इन अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया है। जिला प्रशासन ने प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को उनके दायित्वों के प्रति सजग रहने के निर्देश दिए हैं साथ ही लोगों से अपील की है कि जब भी राजस्व विभाग की टीम मकानों पर नंबर अंकित करने आएं, तो उन्हें सही जानकारी देकर सहयोग करें।  प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का काम मई 2027 तक पूरा करना है। इसमें प्रत्येक रिहायशी और गैर-रिहायशी भवन का विवरण दर्ज किया जाएगा। जबकि द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का काम होगा जिसमें परिवार के सदस्यों की विस्तृत जानकारी जैसे नाम,आयु, लिंग, शिक्षा, धर्म, भाषा और व्यवसाय आदि का डेटा लिया जाएगा।

 गौरतलब है कि भारत की जनगणना को दुनिया के सबसे बड़े प्रशासनिक अभ्यासों में गिना जाता है। ये देश के सामाजिक,आर्थिक ढांचे का आईना है। यह शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए सटीक सूचना स्रोत है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं जैसे राशन,आवास, पेंशन का निर्धारण इसी डेटा पर होता है। बदलती जनसांख्यिकी और प्रवास के पैटर्न को सम्झने में मदद मिलती है।


अन्य पोस्ट