महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16 मार्च। जनपद पंचायत महासमुंद के सभापति सुधा योगेश्वर चन्द्राकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि 19 मार्च तक जन प्रतिनिधियों की विकास निधि राशि और 15वें वित्त आयोग की राशि नहीं दी गई तो वे आमरण अनशन करेंगी। कहा है कि पंचायती राज के निर्वाचन के एक वर्ष पूर्ण होने के बाद भी महासमुंद जनपद पंचायत के सदस्यों को जनपद विकास निधि राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है और न ही 15 वें वित्त आयोग की राशि जनपद सदस्यों को प्राप्त हुई है। जिसके कारण महासमुंद विकासखंड के 105 पंचायतों से निर्वाचित होकर आए 25 जनपद सदस्यों के क्षेत्रों में विकास कार्य लंबित पड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा है कि वर्तमान में गर्मी का मौसम होने के कारण निर्वाचित सदस्यों से क्षेत्र की जनता लगातार विभिन्न कार्यों की मांग कर रही है परन्तु विभागिय अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम जन प्रतिनिधि और ग्रामीण भुगत रहे हैं। यही कारण है कि 26 जनवरी के पूर्व भी जिले भर के सदस्यों ने आंदोलन किया था। उस वक्त जिला सीईओ हेमंत नंदनवार ने 26 जनवरी के पहले सभी पंचायतों एवं जनपद एवं जिला सदस्यों को विकास निधि एवं 15 वें वित्त की राशि जारी करने का आश्वासन दिया था। सुधा चंद्राकर ने कहा है कि अभी तक सीईओ जिला पंचायत का आश्वासन सिर्फ आश्वासन ही रह गया। दुर्भाग्य वश जिस जिला मुख्यालय में जिला प्रमुख के रूप में सीईओ साहब बैठते हंै उसी विकास खंड के सदस्यों को अब तक न उनकी निधि की राशि प्राप्त हुई है, न ही 15वें वित्त आयोग की राशि। जबकि अब तक उन्हें दो वित्तीय वर्ष का जनपद निधि और 15वें वित्त आयोग की राशि मिल जाना चाहिए।
शासन-प्रशासन के रवैये से परेशान जनपद सभापति सुधा योगेश्वर चन्द्राकर ने जिला प्रसाशन को पत्र लिखा है कि यदि पंचायत प्रतिनिधियों को तत्काल उनकी निधि समेत 15वें वित्त आयोग की राशि जारी नहीं की जाती है 19 मार्च से आमरण अनशन करेंगी। इस बीच यदि कोई दुर्घटना होती है तो पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।