महासमुन्द

पिथौरा में फिर सूने मकान में चोरी
16-Mar-2026 4:40 PM
पिथौरा में फिर सूने मकान में चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 16 मार्च। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम लाखागढ़ स्थित शीतल विहार कॉलोनी में एक सूने मकान में चोरी की घटना सामने आई है। पीडि़त के अनुसार अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोडक़र अंदर घुसे और आलमारी में रखी नगदी ले गए।

मकान मालिक दिनेश अग्रवाल ने बताया कि वे परिवार सहित रायपुर गए हुए थे और रात में वहीं रुक गए थे। इसी दौरान उनके घर में चोरी की घटना हुई। उनके अनुसार आलमारी में रखे लगभग 20 हजार रुपये नकद गायब मिले। उन्होंने यह भी बताया कि आलमारी के लॉकर को तोडऩे का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं खुल सका।

घटना की सूचना मिलने के बाद पिथौरा पुलिस और साइबर सेल की टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में पिथौरा थाना क्षेत्र के लाहरौद कर्मचारी कॉलोनी, लाखागढ़ और अन्य इलाकों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं।

इस संबंध में थाना प्रभारी पिथौरा ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। उनके अनुसार कितनी राशि की चोरी हुई है, इसकी जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी देखे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।


अन्य पोस्ट