महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16मार्च। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में तुमगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटर साइकिल और दो मोबाइल बरामद किए हैं। जिनकी कुल कीमत लगभग 35 हजार रुपए बताई जा रही है।
घटना 8 मार्च की है, जब ग्राम कुकराडीह निवासी प्रार्थी अजय खुट्टे काम से लौटकर अपनी मोटर साइकिल को घर की परछी में खड़ी कर नहाने चले गए थे। चाबी मोटर साइकिल में ही लगी रह गई थी।
इसी दौरान घर का दरवाजा खुला और सूनापन देखकर अज्ञात चोर ने घर के अंदर प्रवेश किया और कूलर पर रखे दो मोबाइल फ ोन सहित मोटर साइकिल लेकर फ रार हो गया। प्रार्थी की शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने धारा 303-2,331-2, बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस टीम ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह के घेरे में आए दौलत राम चौहान ग्राम गौरटेक बसना को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर प्रार्थी की मोटर साइकिल और दोनों मोबाइल बरामद कर लिए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से एक अन्य मोटर साइकिल सुपर स्प्लेंडर क्रमांक सीजी 06 जीआर 1162 भी मिली। इस संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि उसने यह वाहन 12 मार्च को थाना बसना क्षेत्र के ग्राम खुसरूपाली से चोरी किया था। आरोपी के पास से हीरो पैशन प्रो कीमत 15 हजार रुपए, सुपर स्प्लेंडर कीमत 10 हजार रुपए, दो मोबाइल हैंडसेट कीमत 10 हजार रुपए जब्त किया। पुलिस ने आरोपी दौलत राम चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।