महासमुन्द

होला महल्ला: श्री गुरु नानक देव विश्व भ्रमण के दौरान जगन्नाथ पुरी जाते समय दो दिनों तक ठहरे थे...
16-Mar-2026 3:44 PM
होला महल्ला: श्री गुरु नानक देव विश्व भ्रमण के दौरान जगन्नाथ पुरी जाते समय दो दिनों तक ठहरे थे...

नानकसागर में अमृतसर की तर्ज पर बनेगा गुरुद्वारा, सीएम ने मत्था टेका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 मार्च। महासमुंद जिले में बसना क्षेत्र के ऐतिहासिक और पावन स्थल गढफ़ुलझर नानकसागर में रविवार को आयोजित होला महल्ला कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने यहां पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और प्रदेश की खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान सिख समाज द्वारा मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने गढफ़ुलझर को अत्यंत पवित्र स्थल बताते हुए कहा कि यहां गुरु नानक देव जी के चरण रज पड़े हैं। उन्होंने घोषणा की कि गढफ़ुलझर को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके विकास के लिए 2.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं और कार्य प्रगति पर है। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल ने बताया कि गढफ़ुलझर में अमृतसर की तर्ज पर एक भव्य गुरुधाम का निर्माण प्रस्तावित है। यह स्थल भविष्य में धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा।

 

कार्यक्रम में रिंकू सिंह ओबेरॉय ने जानकारी दी कि लगभग 520 वर्ष पूर्व सन् 1506 में सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी यहां दो दिनों तक ठहरे थे।  इस मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, डॉ. भगवान सिंह खोजी, ज्ञानी हरदीप सिंह, दविंदर सिंह, कमलजीत सिंह, नितिनदीप सिंह, कंवलप्रीत सिंह, अमृतपाल सिंह, देवेंद्र सिंह आनंद के अलावा छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, अखिलेश सोनी, भूपेंद्र सिंह सवन्नी, रोमी सलूजा सहित सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

गौरतलब है कि बसना क्षेत्र का गढफ़ुलझर वह ऐतिहासिक स्थल है जहां साल 1506 में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव अपने पहले विश्व भ्रमण के दौरान अमरकंटक और शिवरीनारायण के मार्ग से जगन्नाथ पुरी जाते समय दो दिनों तक ठहरे थे। उनके उपदेशों से प्रभावित होकर तत्कालीन आदिवासी राजा मानस राज सागर चंद भेना ने लगभग 5 एकड़ भूमि गुरु महाराज के नाम समर्पित की थी। जिसे आज भी गुरुखाप के नाम से जाना जाता है। इसी स्थल पर देश के प्रमुख गुरुद्वारों की तर्ज पर एक भव्य गुरुधाम का निर्माण प्रस्तावित है। वर्तमान में गढफ़ुलझर न केवल सिख समाज की आस्था का केंद्र है। बल्कि यह सर्वधर्म समभाव की मिसाल भी है। यहां के अभेद्य किलों, प्राचीन सुरंगों, रानी महल के अवशेषों के साथ रनेश्वर रामचंडी मंदिर और बूढ़ादेव मंदिर जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल भी मौजूद हैं। कहा जा रहा है कि भव्य गुरुधाम के निर्माण से यह क्षेत्र भविष्य में एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।


अन्य पोस्ट