महासमुन्द

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम था गौठान योजना-विनोद चंद्राकर
15-Mar-2026 4:08 PM
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का  माध्यम था गौठान योजना-विनोद चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,15 मार्च। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की महत्वपूर्ण योजना नरवा, गरवा, घुरवा, बारी के तहत संचालित गौठानों को दुर्भावना पूर्वक बंद कर भाजपा सरकार गौधाम योजना शुरू करने का दिखावा कर रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ में गौठान ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ और महिला सशक्तिकरण का प्रमुख केंद्र बना था।

गौठान गोधन न्याय योजना के तहत 2 रुफए प्रति किलो में गोबर खरीदकर महिला स्वसहायता समूह वर्मी कंपोस्ट, अगरबत्ती, दीये, पेंट और अन्य उत्पाद बना रहे थे। यह पहल न केवल पशुपालकों को आय प्रदान करती थी, बल्कि जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ ग्रामीण रोजगार का बड़ा जरिया बना था। प्रदेश भर में 10 हजार गौठानों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया गया।

 गांवों में गौठानों का संचालन ग्राम पंचायतों और महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से किया जाता था। लेकिन वर्तमान साय सरकार की गौधाम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था से कोसों दूर है। इसका लाभ पशु पालकों, महिला समितियों को मिलता नहीं दिख रहा है।

श्री चंद्राकर ने कहा है कि साय सरकार इस योजना के संचालन की जिम्मेदारी पंजीकृत गौशाला समितियों,स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ, ट्रस्ट, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों और सहकारी समितियों देगी। जिससे स्थानीय ग्रामीणों को इसका किसी प्रकार से लाभ मिलता नहीं दिख रहा है। एनजीओ जैसी संस्थाओं को गौधाम संचालन की जिम्मेदारी देने से केवल कागजों में ही इसका संचालन होगा। इससे पहले भी रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में गौशाला केवल भ्रष्टाचार का केंद्र बनकर रह गया था। गौ वंशों को गौशाला में ना ही चारा मिल पाता था और ना ही पानी। गौवंशीय पशुओं की भूख से मरने की खबरें आम बात थी।

जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी परंपरा को जीवंत बनाए रखने नरवा, गरवा, घुरवा, बारी योजना लाकर गौधन न्याय योजना के तहत गौठान प्रारंभ किए।

 इससे घुमंतु मवेशियों को एक निश्चित आश्रय स्थल तथा भरपूर चारा.पानी मिला। इसके अलावा महिला समितियां गोबर से वर्मी कंपोस्ट बनाकर आर्थिक रूप से सशक्त हुईं। पशु पालकों ने गोबर व गौ मूत्र बेचकर अतिरिक्त लाभ हासिल किया। इससे पशु पालन व गौ वंशीय पशुओं के संरक्षण को बढ़ावा मिला था।

पूरे देश में इस योजना की सराहना की गई थी। घुमंतु पशुओं की मृत्यु दर में कमी आई थी।


अन्य पोस्ट