महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 मार्च। महिलाओं को साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराधों में जागरूकता लाने अभियान के तहत कल महासमुंद पुलिस ने जिले के ग्रामीण अंचलों. हाट बाजारों में जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान यातायात सुरक्षा संबंधी जानकारी, सडक़ दुर्घटना से घायल व्यक्ति को शासकीय अस्पताल में 15 लाख रुपए तक का इलाज नि:शुल्क, घायल व्यक्ति को तत्काल मदद करने वाले को 25 हजार रुपए नगद राशि शासन द्वारा मिलने की जानकारी दी गई। कल पुलिस ने महासमुंद क्षेत्र के ग्राम रायतुम, पिथौरा के लहरोद ओवर ब्रिज,ग्राम परसदा मंदिर परिसर, ग्राम उड़ेला में आयोजित भागवत कथा स्थल एवं मीना बाजार मेला स्थल में उपस्थित लोगों को साइबर जागरूकता, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति अभियान महिला संबंधी अपराध एवं यातायात सुरक्षा की जानकारी साझा की।
पुलिस ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सायबर स्टाकिंग, फेक प्रोफाइल के संबंध में तत्काल रिपोर्ट करें। कहा कि सोशल मीडिया में पर्सनल व सेंसिटीव जानकारी शेयर ना करें, मजबूत पासवर्ड बनाएं, फेक ट्रेडिंग एप से सावधान रहें। लोगों को आधुनिक परिवेश में प्रचलित अपराधों के बारे में बताया गया। किसी प्रकार के ऑनलाईन फ्रॉड होने पर सायबर हेल्प लाईन नंबर 1930 में तुरंत ऑनलाईन शिकायत दर्ज करने के अलावा अपने निकटतम पुलिस थाना या सायबर थाना जाकर रिपोर्ट करने कहा।
बताया गया कि नवीनतम और बढ़ते साइबर क्राईम, सोशल मीडिया प्लेट फार्म पर सुरक्षा एवं प्राईवेसी को ध्यान में रखते हुये सावधानी पूर्वक सोशल मीडिया में व्यवहार करें। सोशल मीडिया में अनजान लोगों को रियल लाईफ में सत्यापन किये बिना उनका फ्रेंडशीप रिक्वेस्ट एक्सेप्ट ना करें, सायबर बुलिंग, सायबर स्टाकिंग, फेक प्रोफाइल के संबंध में तत्काल रिपोर्ट करें। सोशल मीडिया में पोस्ट थर्ड पार्टी एप्स, लिंक अंजान से ना जुड़े, पर्सनल व सेंसिटीव जानकारी शेयर ना करें,मजबूत पासवर्ड बनाएं। व्हाट्सएप,एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम आदि में प्राईवेसी सेटिंग, टू.स्टेप वेरिफिकेशन ऑन करने हेतु व सायबर हेल्प लाईन नंबर 1930 में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं और अपने निकटतम पुलिस थाना या सायबर थाना जाकर रिपोर्ट करें।
उपस्थित लोगों को समझाया गया कि किसी भी अनजान नम्बरों से आए वीडियो कॉल को अटेंड ना करें। यदि किसी परिचित के द्वारा फोन पर पैसे की मांग की जाती है, तो स्वयं उस परिचित को दुबारा फोन लगाकर फोन नंबर की तस्दिक करें। किसी अनजान लिंक पर कभी भी क्लिक ना करें। कोई भी अनजान व्यक्ति फोन करके यदि यह कहे कि आपके नाम से एफआईआर हो गया है जेल जाने से बचने के लिए आपको पैसा देना पड़ेगा।
तो किसी भी प्रकार से कोई फ ोन पे, गूगल पे के माध्यम से पैसा ना भेजें। पुलिस ऑफिसर, सीबीआई या जज, बैंक ऑफिसर या अन्य कोई अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करे तो डरें नहीं, किसी भी तरह के ऐसे ऑफर जिसमें पैसा दुगुना करने का लालच दिया जाता है उन पर विश्वास ना करें।
इस दौरान नशे के दुष्परिणाम एवं नशे से बचने के बारे में भी बताया गया। बताया कि सडक़ दुर्घटना होने पर घायल व्यक्तियों को शासकीय अस्पताल में 15 लाख रुपए तक का इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। अपने क्षेत्र में गौ वंश पशुओं की तस्करी के संबंध में भी पुलिस को सूचना दें। डायल 112 के महत्व को समझें।